अयोध्या राम मंदिर चंदे पर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप: SIT का मतलब ‘Share in Theft’, कहा- महापाप हुआ है

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने राम मंदिर फंड मामले में एसआईटी (SIT) जांच की रिपोर्ट पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने SIT का मजाक उड़ाते हुए कहा, “SIT का मतलब क्या है? क्या इसका मतलब ‘शेयर इन थेफ्ट’ (Share in Theft) है?” उन्होंने इस पूरे प्रकरण को सनातन धर्म और लोगों की आस्था के साथ हुआ एक ‘महापाप’ करार दिया।

‘भगवान ने खुद खोल दी पोल’

सपा प्रमुख ने कहा कि यह कोई सामान्य बात नहीं है। पूरे देश और दुनिया से राम मंदिर के लिए चढ़ावा आया था। सनातनी परंपराओं पर अब प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर से सीसीटीवी (CCTV) फुटेज गायब कर दिए गए हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा, “सोचो भगवान ने तुम्हारी पोल खुद खुलवा दी कि तुम भगवान के साथ क्या कर रहे थे।”

गुप्त दान देने वालों को ED-CBI का डर

चंदे के आंकड़े पर बात करते हुए अखिलेश ने एक अनुमान लगाया। उन्होंने कहा कि यूपी की 80 लोकसभा सीटों से अगर हर क्षेत्र से 10-10 करोड़ का भी चढ़ावा गया होगा, तो यह रकम 800 करोड़ रुपये बैठती है।

अखिलेश ने यह भी दावा किया कि अब लोग मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ बोलने से डर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो भी चंदे या गुप्त दान की बात करेगा, उसके घर ईडी (ED), सीबीआई (CBI) और इनकम टैक्स पहुंच जाएगा। दान देने वालों की ही जांच शुरू हो जाएगी।”

मीडिया की भूमिका पर उठाए सवाल

अखिलेश ने कुछ मीडिया चैनलों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथ भेदभाव करने वाले चैनल कम से कम आस्था और सनातनी परंपरा के मामले में सच्चाई सामने लाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *