‘बीजेपी ने शिक्षा की बुनियाद में दरार डाली, समाजवादी सरकार आने पर KG से लेकर पीजी PG तक शिक्षा नि:शुल्‍क: अखिलेश यादव

प्रयागराज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रयागराज में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राज्य और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने मुख्य रूप से शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, पेपर लीक की घटनाओं, राम मंदिर के चंदे में कथित धांधली और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।

अखिलेश यादव ने अपनी प्रेसवार्ता की शुरुआत शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए की। उन्होंने कहा, “अच्छी सीख अच्छा इंसान बनाती है और मुश्किलों के इम्तिहान पार कराती है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस बुनियाद में दरार पैदा कर इसे कमजोर करने का काम किया है।”

‘मर्जर के नाम पर बंद किए जा रहे हैं प्राइमरी स्कूल’

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बजट की कमी और ‘मर्जर’ (Merger) का बहाना बनाकर बड़े पैमाने पर प्राइमरी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर चाहती है कि समाज के लोग पढ़े-लिखे और जागरूक न बनें। वे गरीबों को शिक्षा से दूर कर उन्हें रूढ़िवादी और सामंतवादियों के अधीन रखना चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर प्राइमरी स्कूल बंद किए जा रहे हैं और इंटरमीडिएट स्कूलों की प्राइम लोकेशन वाली जमीन बेचने की तैयारी चल रही है। उन्होंने वादा किया कि अगर समाजवादी सरकार आती है, तो केजी (KG) से लेकर पीजी (PG) तक बालिकाओं की शिक्षा पूरी तरह से नि:शुल्क की जाएगी।

पेपर लीक और कानून व्यवस्था पर सवाल

लगातार हो रहे पेपर लीक और रद्द होती परीक्षाओं को लेकर अखिलेश ने कहा, “अगर सरकार की नीयत साफ होगी, तो पेपर लीक नहीं होंगे।” उन्होंने कहा कि नई तकनीक (Technology) का इस्तेमाल कर इस समस्या से बचा जा सकता है।

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है और लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। फेक एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा, “जिनका घर तोड़ा गया और जिनका एनकाउंटर हुआ, वे सबसे ज्यादा ‘पीडीए’ (PDA – पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के ही लोग थे।”

‘प्रभु श्रीराम ने पकड़ ली सच्ची चोरी’ (राम मंदिर चंदा विवाद)

राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “बीजेपी की नज़र नेशन (Nation) पर नहीं, बल्कि डोनेशन (Donation) पर रहती है। इनके शब्दकोश में ना धर्म है, ना शर्म है।”

अखिलेश ने कहा कि भगवान राम ने खुद सीसीटीवी के जरिए ‘सच्ची चोरी’ की पोल खोल दी है। उन्होंने तंज कसते हुए सुझाव दिया कि जिन लोगों ने चढ़ावा चोरी किया है, वे रात के अंधेरे में सीसीटीवी बंद करके सारा सामान वापस रख आएं, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम उन्हें माफ कर देंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस चोरी के तार कर्नाटक से जुड़े हुए हैं।

‘दाना और गाना बंद कर दे मीडिया’

मीडिया की भूमिका पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने कहा कि कई चैनलों की क्रेडिबिलिटी बीजेपी ने खत्म कर दी है, जिन्हें अब ‘गोदी मीडिया’ कहा जाता है। उन्होंने पत्रकारों को सलाह दी कि वे सरकार का “दाना और गाने का अफसाना” चलाना बंद कर दें, तो उन्हें अपने आप सुरक्षा मिल जाएगी।

उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि पीडीए (PDA) समाज और प्रदेश की जनता बीजेपी की साजिशों को समझ चुकी है। उन्होंने कहा, “हम बंधु राष्ट्र बनाना चाहते हैं, जबकि बीजेपी की नीति ‘सबको धोखा, सबका विनाश’ की है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *