वोटर लिस्ट में हो रही भारी धांधली, 2027 में PDA करेगा सफाया: अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर एक अहम प्रेस वार्ता की। इस दौरान विभिन्न दलों को छोड़कर आए कई दिग्गज नेताओं ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा। अखिलेश यादव ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) में पीडीए (PDA) की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। साथ ही उन्होंने सत्ताधारी बीजेपी पर वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया।
सपा में शामिल हुए कई दिग्गज
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति और बिसौली से पूर्व विधायक कुशाग्र सागर समेत कई नेता सपा में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि इन नेताओं के आने से पीडीए की लड़ाई और मजबूत हुई है। पूरब से लेकर पश्चिम तक सपा का कुनबा बढ़ा है। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी बीजेपी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी समाज को बांटने का काम कर रही है, जबकि सपा सबको साथ लेकर चल रही है।
वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग (Election Commission) की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की वोटर लिस्ट में भारी हेराफेरी चल रही है। एक ही नाम और उम्र की महिला की प्रदेश भर में हजारों एंट्री दर्ज हैं। उन्होंने इस फर्जीवाड़े को रोकने के लिए चुनाव आयोग से सख्त कदम उठाने की अपील की। अखिलेश ने मांग की कि वोटर लिस्ट को अनिवार्य रूप से आधार (Aadhaar) से जोड़ा जाए। इसके अलावा वोटिंग के दिन हर बूथ पर बायोमेट्रिक सिस्टम लागू किया जाना चाहिए ताकि फर्जी वोटिंग रुक सके।
गरीबों को सौंपी मकान की चाबियां
प्रेस वार्ता के दौरान गोरखपुर के पांच गरीब परिवारों को नए मकान की चाबियां भी सौंपी गईं। सपा नेता मंतोष यादव ने सांसद डिंपल यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में निजी खर्चे से इन मकानों का निर्माण कराया है। अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर गरीबों को सभी आधुनिक सुविधाओं वाले पक्के मकान दिए जाएंगे, जिन पर बिजली के बिल का भी कोई बोझ नहीं होगा।
आउटसोर्सिंग खत्म करने का वादा
युवाओं और कर्मचारियों के मुद्दे पर भी सपा प्रमुख ने बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने आउटसोर्सिंग की व्यवस्था को आरक्षण खत्म करने की साजिश करार दिया। अखिलेश ने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग खत्म की जाएगी। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर फिर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। संविदा सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें पक्का करने की योजना बनाई जाएगी।
भ्रष्टाचार और महंगाई पर घेरा
अखिलेश यादव ने टीजीटी-पीजीटी (TGT-PGT) अभ्यर्थियों के धरने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। आज दूध, घी, सरसों का तेल जैसी बुनियादी चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर हो गई हैं। इसके साथ ही उन्होंने 17 हजार करोड़ रुपये के सरकारी टेंडर में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें