अखिलेश यादव ने शिकारपुर, बुलंदशहर के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा बस सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया

अखिलेश यादव ने शिकारपुर, बुलंदशहर के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा बस सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया

लखनऊ, 17 अक्टूबर 2026: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज प्रदेश मुख्यालय लखनऊ से शिकारपुर, बुलंदशहर के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता शिव कुमार शर्मा (सीटू भाई) द्वारा संचालित की जा रही है।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने जनसेवा के लिए शर्मा के प्रयासों की सराहना की और कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्‍पसंख्‍यक) के प्रेम, दया और अपनेपन के संदेश को गांव-गांव, घर-घर पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीडीए हर अपमानित, पीड़ित और शोषित व्यक्ति के लिए संबल देने वाला है।

शिव कुमार शर्मा (सीटू भाई) ने बताया कि उन्होंने शिकारपुर क्षेत्र के निवासियों के लिए दो बसों की नियमित व्यवस्था की है। ये बसें स्नान पर्वों और धार्मिक स्थलों के दर्शन-पूजन के लिए सुबह रवाना होंगी और शाम को वापस लौटेंगी। यात्रा के दौरान खाने-पीने की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क होगी। बसों को समाजवादी पार्टी के झंडे और बैनरों से सजाया गया है।

शर्मा ने आगे जानकारी दी कि वे अपने क्षेत्र में एम्बुलेंस सेवा, निःशुल्क आटा चक्की और ट्रैक्टर की सुविधा भी उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी की नीतियों पर आस्था रखते हैं और अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी को बहुमत दिलाने तथा उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट प्रयास करने को संकल्पित हैं।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक वंशी सिंह पहाड़िया, सौरभ मीना, संजीव पहाड़िया, करन चौधरी, चौधरी वीरेंद्र सिंह, राम कुमार प्रधान और संदीप यादव भी मौजूद रहे।