UP Election 2027: 75 जिले और 75 घोषणा पत्र, सपा इस नई रणनीति से करेगी बीजेपी को चारो खाने चित

UP Election 2027: 75 जिले और 75 घोषणा पत्र, सपा इस नई रणनीति से करेगी बीजेपी को चारो खाने चित

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Election 2027) के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने एक बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। पार्टी पहली बार 'पूरे प्रदेश के लिए एक ही घोषणा-पत्र' की दशकों पुरानी परंपरा को तोड़ने जा रही है। संस्थापक मुलायम सिंह यादव के दौर से चली आ रही इस व्यवस्था को बदलते हुए अखिलेश यादव अब हर जिले के लिए अलग और एक्सक्लूसिव 'माइक्रो लेवल' घोषणा-पत्र जारी करेंगे। यानी 2027 में सपा '75 जिले, 75 अलग विजन' के फॉर्मूले पर चुनाव मैदान में उतरेगी। इस नए फार्मूले के सा‍थ समाजवादी पार्टी बीजेपी को हर सीट पर पटखनी देने की तैयारी में है।

अब पार्टी मतदाताओं से "हम प्रदेश में क्या करेंगे" की बजाय सीधे यह पूछेगी कि "आपके जिले में क्या नया लाएंगे।" इसके लिए सपा नेतृत्व ने सभी जिला इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्र की 5 सबसे बड़ी समस्याओं, बंद पड़े प्रोजेक्ट्स और स्थानीय स्तर पर रोजगार देने वाली योजनाओं का पूरा ब्योरा तैयार करने का निर्देश दिया है।

रणनीतिक बैठक में लगी मुहर

पार्टी की रणनीतिक बैठक में सभी जिलाध्यक्षों की मौजूदगी में इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई। नेताओं का तर्क था कि एक साझा घोषणा-पत्र में सिर्फ राज्यस्तरीय बड़े मुद्दे ही जगह पाते हैं, जबकि पूर्वांचल, पश्चिम, अवध और बुंदेलखंड की जमीनी जरूरतें पूरी तरह अलग हैं। लोग पार्टी से तभी जुड़ाव महसूस करेंगे जब उनके स्थानीय मुद्दों को सीधा स्थान मिले।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के जरिए सभी जिलाध्यक्षों को 5 प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल रिपोर्ट जुटाने को कहा है:

  • स्थानीय रोजगार और उद्योग
  • शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति
  • पर्यटन, सड़क और परिवहन व्यवस्था
  • लंबित पुलों का निर्माण
  • किसानों और स्थानीय बुनकरों की समस्याएं

जिलावार घोषणा-पत्र के 5 मुख्य आधार

1. स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान

जिले की बुनियादी जरूरत ही घोषणा-पत्र का मुख्य आधार होगी। जहां सड़क, सिंचाई, जलभराव या बिजली संकट है, वहां की कार्ययोजना प्राथमिकता पर बनेगी। औद्योगिक जिलों में निवेश, पर्यटन क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक शहरों में यात्री सुविधाओं पर अलग से फोकस रहेगा।

2. बड़े प्रोजेक्ट्स को सीधे स्थानीय रोजगार से जोड़ना

सपा का वादा केवल ढांचागत निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा। अखिलेश यादव ने हाल ही में आगरा को आईटी सिटी, फिरोजाबाद को ग्लास सिटी और मथुरा को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित करने का खाका खींचा था। आगरा-मथुरा क्षेत्र में यमुना रिवरफ्रंट और फतेहपुर सीकरी की झील को पुनर्जीवित करने जैसी योजनाओं को स्थानीय रोजगार का जरिया बनाया जाएगा।

3. युवा, शिक्षा और सरकारी नौकरियों पर फोकस

घोषणा-पत्र में 'जेन-जी' (Gen-Z) और युवाओं की प्राथमिकताओं को केंद्र में रखा गया है। इसमें पेपर लीक रोकने के कड़े प्रावधान, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पारदर्शी नीति और सरकारी भर्तियों के नए अवसर शामिल होंगे। साथ ही बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू करने, नए कॉलेज, आईटी हब और स्किल सेंटर खोलने का वादा भी जुड़ेगा।

4. क्षेत्रवार कृषि संकट का हल

घोषणा-पत्र का बड़ा हिस्सा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से संबंधित होगा। बुंदेलखंड के सूखा प्रभावित इलाकों से लेकर पश्चिमी यूपी के गन्ना बेल्ट और तराई क्षेत्र के किसानों की अलग-अलग दिक्कतों के मुताबिक नीतियां तय होंगी।

5. पारंपरिक उद्योगों और कारीगरों को संजीवनी

हर जिले के पारंपरिक कारोबार को दोबारा गति देने के लिए विशेष पैकेज का प्रावधान होगा। पूर्वी यूपी के बुनकरों के संकट, कन्नौज का इत्र उद्योग, मुरादाबाद का पीतल कारोबार और सहारनपुर का वुडन फर्नीचर उद्योग जिला मेनिफेस्टो का प्रमुख हिस्सा बनेंगे।

प्रत्याशियों के पास होगा लिखित रोडमैप

इस रणनीति से सपा के हर प्रत्याशी के पास अपने क्षेत्र के लिए एक ठोस और लिखित रोडमैप होगा। पार्टी प्रवक्ता जूही सिंह के अनुसार, सपा का मकसद रूट लेवल की समस्याओं को समझना और उनका स्थायी समाधान निकालना है। 2012 से 2017 के दौरान हुए विकास कार्यों और वर्तमान में बंद पड़े अस्पतालों, स्कूलों व आशा ज्योति केंद्रों को दोबारा सक्रिय करने के एजेंडे पर पार्टी जनता से सीधे जुड़ेगी।