2027 में सपा सरकार बनी तो सरकारी नौकरियों की गारंटी: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरियों की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा और प्रत्येक वर्ष भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया जाएगा। पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष बल का गठन किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
अखिलेश यादव गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में आयोजित ‘पीडीए संकल्प-शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद, अखिलेश जी के साथ’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोजगार और नौकरी के बिना अर्थव्यवस्था का विकास संभव नहीं है। प्रदेश में शिक्षा और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं महज संयोग नहीं हैं, बल्कि इन्हें कराया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर पेपर लीक के खिलाफ कठोर व्यवस्था लागू की जाएगी।
शिक्षकों के प्रशिक्षण पर जोर
सपा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों के लिए बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। विश्वविद्यालयों में सुधार की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कई विश्वविद्यालयों को विचारधारा और गिरोहबंदी का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त कर युवाओं को पक्की नौकरियां देने की दिशा में काम किया जाएगा। उनका कहना था कि युवाओं को रोजगार के साथ सम्मानजनक और स्थायी भविष्य उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
लोहिया पार्क और विकास परियोजनाओं का किया उल्लेख
कार्यक्रम स्थल डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस पार्क का निर्माण तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कराया गया था। उन्होंने कहा कि करीब पांच हेक्टेयर में बने इस पार्क के निर्माण के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा गया, बल्कि उन्हें स्थानांतरित किया गया। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में निर्मित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया और कहा कि इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता की प्रशंसा हुई है। उन्होंने भाजपा सरकार की विकास परियोजनाओं पर सवाल उठाते हुए गंगा एक्सप्रेसवे सहित अन्य परियोजनाओं को लेकर भी टिप्पणी की। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में लखनऊ में एचसीएल और ट्रिपल आईटी जैसे संस्थानों के विकास की दिशा में काम हुआ। उन्होंने कहा कि उस समय विद्यार्थियों को वितरित किए गए लैपटॉप आज भी उपयोग में हैं।
कोचिंग संचालकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने केडी कैम्पस की संस्थापक नीतू सिंह, टीडब्लूए के संस्थापक अंकित चौधरी, एयर गुरुकुल के संस्थापक निर्भय कुमार और अभिनव मैथ्स के अभिनव शर्मा सहित कई कोचिंग संचालकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन भी मौजूद रहे। नीतू सिंह ने अखिलेश यादव के विजन की सराहना करते हुए लैपटॉप वितरण योजना का उल्लेख किया और युवाओं के लिए रोजगार के अधिकार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अंकित चौधरी ने भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा परिणाम से लेकर नियुक्ति तक समय-सीमा निर्धारित करने तथा अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए छात्र समाधान पोर्टल बनाने का सुझाव दिया।
निर्भय कुमार ने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया और नैतिक विकास पर जोर दिया। अभिनव शर्मा ने कहा कि युवा देश और प्रदेश में बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की जरूरत है और युवाओं को रोजगार, सम्मान तथा सामाजिक न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।