लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के परिवार से एक बेहद दुखद खबर आई है। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। वह महज 38 वर्ष के थे।
सिविल अस्पताल में किया गया मृत घोषित
बुधवार सुबह प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित (Brought Dead) कर दिया। अभी तक मौत के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। असल कारण जानने के लिए पुलिस और प्रशासन की निगरानी में पोस्टमार्टम (Post-mortem) की प्रक्रिया चल रही है।
श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद!
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि!
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) May 13, 2026
अखिलेश यादव के छोटे भाई थे प्रतीक
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। इस दुखद खबर के मिलते ही यादव परिवार के कई सदस्य, करीबी रिश्तेदार और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचने लगे हैं।
राजनीति से दूर, फिटनेस और बिजनेस पर था फोकस
अपने पिता और बड़े भाई के विपरीत प्रतीक यादव राजनीति से हमेशा दूर रहे। उनका मुख्य फोकस अपने रियल एस्टेट बिजनेस और फिटनेस पर था। राजधानी लखनऊ में वह एक शानदार और आधुनिक जिम का संचालन करते थे। उनका लग्जरी कारों का शौक भी अक्सर चर्चा में रहता था। साल 2012 में उन्होंने अपना वजन 103 किलो से घटाकर 67 किलो कर लिया था, जिसकी फिटनेस जगत में काफी सराहना हुई थी।
अपर्णा यादव से 2011 में हुई थी शादी
प्रतीक यादव की शादी साल 2011 में अपर्णा बिष्ट (अब अपर्णा यादव) से हुई थी। अपर्णा ने 2017 में सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। बाद में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। प्रतीक और अपर्णा की एक बेटी भी है। हालांकि, हाल ही के दिनों में दोनों के बीच आपसी अनबन और तलाक की अपुष्ट खबरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थीं।



