अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाएंगे, राशन में तेल-घी का वादा: अखिलेश यादव

शेयर करें: WhatsApp X Facebook
अयोध्या को 'सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी' बनाएंगे, राशन में तेल-घी का वादा: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव (फ़ाइल फोटो: @yadavakhilesh)

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधाएं देकर ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाया जाएगा। सोमवार देर रात अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते एक्स पर जारी लंबे बयान में उन्होंने मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता, गरीब परिवारों को राशन में तेल-घी, स्थानीय नाविकों को रोजगार और अयोध्या में भूमि सौदों की जांच का वादा किया।

अयोध्या के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना  का संकल्प

अपने बयान में अखिलेश यादव ने लिखा, “अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए हम वचनबद्ध हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़ी कथित चोरी से आहत होकर अयोध्या आने वाले श्रद्धालु दिन-प्रतिदिन कम होते जा रहे हैं और इसका सीधा असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि वे इस स्थिति को सुधारेंगे और संवारेंगे।

यह भी पढ़ें: 'PDA यानी पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद': अयोध्या दौरे की चर्चा पर अखिलेश बोले- अब लड़ाई 80-20 नहीं, 95-5 की

उन्होंने आगे लिखा, “अयोध्या के मंदिर को पारदर्शी व्यवस्था देकर विश्वास की भी पुनर्स्थापना करेंगे। वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर देकर हम अयोध्या को ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाएंगे।”

राशन में तेल-घी और गरीबों के सम्मान का वादा

दीपोत्सव के दौरान दीयों से बचा तेल बटोरने वाली गरीब महिलाओं और बच्चों से जुड़े प्रसंग का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, “जहाँ कोई भी अहंकारी, तेल बटोरती किसी ग़रीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज़्ज़त और उत्पीड़ित नहीं करेगा।”

उन्होंने दोहराया कि सरकार में आने पर राशन में तेल और घी देकर लोगों की पौष्टिक जरूरतों को पूरा किया जाएगा। इससे पहले भी उन्होंने गरीब परिवारों को राशन के साथ तेल-घी उपलब्ध कराने की बात कही है।

नाविकों को रोजगार और भूमि सौदों की जांच

सपा अध्यक्ष ने अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देने का वादा किया, ताकि स्थानीय नाविकों को इसका लाभ मिले और भगवान राम तथा निषादराज के संबंध को फिर से स्थापित किया जा सके। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह इस संबंध को तोड़ना चाहती है, क्योंकि उसके “प्रभुत्ववाद” में प्रभु राम और पीडीए समाज के जुड़ाव का दृश्य याद नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने लिखा, “हम अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराएंगे और ज़मीन की जाँच बैठाएँगे। बाहरी लोगों ने ही अयोध्या को लूटा है।” सर्किल रेट में कथित महाघोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे जुड़े भाजपा नेता और भ्रष्ट अधिकारी कोई भी नहीं बच पाएंगे तथा अयोध्या की कथित लूट से भरे खजाने खंगाले जाएंगे। ये उनके आरोप हैं।

धार्मिक भावनाओं के अपमान पर कार्रवाई का ऐलान

अखिलेश यादव ने कहा कि वे ऐसी व्यवस्था बनाएंगे कि कोई भी व्यक्ति भगवान राम या भगवान कृष्ण ही नहीं, किसी भी धर्म के आराध्यों और महापुरुषों का अपमान न कर सके, और अपमान करके स्वतंत्र न घूम सके। ऐसे लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की बात कहते हुए उन्होंने लिखा कि दुर्वचन कहने वालों को प्रश्रय देने वाले भी पाप के भागीदार होते हैं और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने पर उन्हें भी दंड दिया जाएगा।

अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाने वाले हैं। राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह उनकी पहली यात्रा बताई जा रही है। इस योजना के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें 6 दिसंबर को मंदिर पहुंचने और कारसेवकों की हत्या के लिए माफी मांगने की चुनौती दी है।

शेयर करें: WhatsApp X Facebook