1.27 करोड़ वोट कटने के योगी के दावे पर अखिलेश का तंज़- 'जब अपने पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई'

शेयर करें: WhatsApp X Facebook
1.27 करोड़ वोट कटने के योगी के दावे पर अखिलेश का तंज़- 'जब अपने पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई'
फ़ोटो: एक्स/@yadavakhilesh

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जो सवाल समाजवादी पार्टी महीनों से उठा रही थी, अब वही सवाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ज़ुबान पर है। मुख्यमंत्री ने एक इंटरव्यू में कहा कि SIR के बाद 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं। इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक ही पंक्ति में पूरी बहस का सार रख दिया: "जब ‘अपने’ पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई।"

"री-पोस्ट कर दें मुख्यमंत्री जी"

मंगलवार, 10 नवंबर को अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री जी सच में अगर ये मान बैठे हैं कि 1.27 करोड़ वोट कट गये हैं तो हमारे द्वारा की गई ये पोस्ट अपने ऑफ़िशीयल हैंडल से री-पोस्ट कर दें।" मतलब साफ़ था। जो बात विपक्ष सड़क से संसद तक कहता आया, उस पर अगर मुख्यमंत्री भी सहमत हैं, तो सवाल चुनाव आयोग से पूछा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: 'PDA यानी पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद': अयोध्या दौरे की चर्चा पर अखिलेश बोले- अब लड़ाई 80-20 नहीं, 95-5 की
जब ‘अपने’ पैर फटी बिवाई, तब समझ में आई पीर पराई — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) 10 नवंबर 2026

अखिलेश ने एक और अहम सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि चुनाव आयोग तो मतदाताओं को धर्म के आधार पर बांटकर आंकड़े देता ही नहीं, फिर मुख्यमंत्री को यह कैसे पता चला कि कितने हिंदू वोटरों के नाम हटे हैं? क्या आयोग ने मुख्यमंत्री कार्यालय को ऐसा कोई डेटा दिया है?

80-20 का नया हिसाब

मुख्यमंत्री के पुराने "80-20" वाले नारे पर भी सपा प्रमुख ने चुटकी ली। उन्होंने लिखा, "उप्र के मुख्यमंत्री जी का 80-20 से मतलब ये है कि उनका भाजपा गठबंधन अधिकतम 80 सीट पर ही लड़ने लायक होगा और पीडीए गठबंधन, एनडीए के मुक़ाबले 20 (बीस) साबित होगा।"

इस बहस में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी कूद पड़े। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग वही करता है जो दिल्ली में बैठे दो लोग कहते हैं, और साथ ही अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश में संभावित जीत की अग्रिम बधाई भी दे डाली।

"1.27 करोड़ वोट और 1.27 करोड़ का गांजा"

मंगलवार रात अखिलेश यादव ने अयोध्या में गांजा बरामदगी की ख़बर पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने एक्स पर लिखा, "अयोध्या को बदनाम करने के लिए ही क्या गांजा केवल वहाँ से बरामद दिखाया जा रहा है, जबकि सच ये है कि पूरे उप्र में ‘गांजा’ खुलेआम मिल रहा है।" पोस्ट के साथ उन्होंने अयोध्या ज़िले के पूराकलंदर थाने की एक तस्वीर भी साझा की।

उन्होंने तंज़ कसते हुए आगे कहा, "वैसे यह भी इत्तेफाक है कि इधर उन्होंने लगभग 1.27 करोड़ वोट कटने की बात कही और उधर लगभग 1.27 करोड़ का गांजा पकड़ा गया। कुछ तो गड़बड़ है!"

अयोध्या को बदनाम करने के लिए ही क्या गांजा केवल वहाँ से बरामद दिखाया जा रहा है... — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) 10 नवंबर 2026

PDA की लड़ाई को मिला नया वज़न

सपा लंबे समय से कहती रही है कि SIR के नाम पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम सबसे ज़्यादा कट रहे हैं। पार्टी के पीडीए प्रहरी बूथ-बूथ जाकर लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने में लगे रहे। अब जब सत्ता पक्ष के मुखिया ख़ुद मान रहे हैं कि करोड़ों नाम सूची से बाहर हैं, तो विपक्ष की वह शिकायत सिर्फ़ "राजनीतिक आरोप" कहकर टाली नहीं जा सकती।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची की यह बहस और तेज़ होने वाली है। अखिलेश यादव का संदेश सीधा है: सवाल किसी एक धर्म या जाति के वोट का नहीं, हर नागरिक के वोट के अधिकार का है।

फ़ीचर फ़ोटो: अयोध्या के पूराकलंदर थाने की तस्वीर, जिसे अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल (@yadavakhilesh) पर साझा किया।

शेयर करें: WhatsApp X Facebook