यूपी की 403 सीटों पर डुप्लीकेट वोटर बनाने का आरोप, सपा बोली- PDA प्रहरी मुस्तैद, बेईमानी नहीं छोड़ेंगे
मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी की चेतावनी अब पूरे प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों तक फैल गई है। बुधवार को पार्टी की मीडिया सेल ने आरोप लगाया, “यूपी की 403 विधानसभाओं में डुप्लीकेट वोटर्स जमकर बनाए हैं।” पोस्ट में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग के खातों को भी टैग किया गया।
मीडिया सेल ने सीधी भाषा में कहा, “भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत सामने आ चुकी है, पोल खुल चुकी है और साजिश स्पष्ट दिखाई दे रही है।”
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में हो रही भारी धांधली, 2027 में PDA करेगा सफ़ाया: अखिलेश यादवआर्य नगर का उदाहरण
पार्टी ने जो तस्वीर जारी की, उसमें कानपुर की आर्य नगर सीट का एक ठोस उदाहरण भी है। वहाँ के सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने 1124 डुप्लीकेट वोटर होने का दावा किया है। आरोप है कि कई नामों में पिता का नाम और पता एक है, जबकि एपिक नंबर अलग-अलग हैं। कुछ मामलों में सिर्फ़ पता बदला हुआ बताया गया है। विधायक का यह भी कहना है कि दर्ज नामों में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में हैं, और ज़रूरत पड़ी तो शिकायत, कानूनी कार्रवाई और आंदोलन तक जाएंगे।
“हम छोड़ेंगे नहीं”
सपा का अगला कदम साफ़ बताया गया है। मीडिया सेल ने लिखा, “अतः समाजवादी पार्टी PDA प्रहरी भी मुस्तैद हैं और वोटर लिस्ट शुद्धिकरण हो इस पर काम कर रहे हैं तथा बेईमानियां पकड़ रहे हैं।”
आगे चेतावनी और भी तल्ख़ है: “भाजपा और चुनाव आयोग ये न सोचे कि बेईमानी कर लेंगे, क्योंकि हम समाजवादी बेईमानी पकड़ लेंगे और न्यायालय से लेकर जनता की अदालत सभी जगह में जाएंगे और दोषियों को ना सिर्फ पकड़ेंगे बल्कि सजा भी दिलाएंगे।”
अधिकारियों को भी निशाने पर लिया गया। पोस्ट में कहा गया, “कोई भी अधिकारी चाहें वो अपने आपको कितना भी ताकतवर समझता हो ये जान समझ ले कि उसे जनता के आक्रोश और जेल दोनों का सामना करना पड़ेगा। हम छोड़ेंगे नहीं।”
“हम छोड़ेंगे नहीं।” – समाजवादी पार्टी मीडिया सेल
वोटर सूची का शुद्धिकरण अब सपा के PDA अभियान का केन्द्रीय मुद्दा बन चुका है। पार्टी का दावा है कि प्रहरी बूथ स्तर पर गड़बड़ी पकड़ रहे हैं, और 2027 से पहले इस लड़ाई को अदालत और जनता दोनों जगह ले जाया जाएगा।
ताज़ा खबरें सबसे पहले पाएं
WhatsApp Channel, Google News और सोशल मीडिया पर फॉलो करें