अखिलेश ने युवाओं को दिलाई पीडीए शपथ, कहा गांव-गांव जाकर करो भाजपा के झूठ का पर्दाफाश

अखिलेश ने युवाओं को दिलाई पीडीए शपथ, कहा गांव-गांव जाकर करो भाजपा के झूठ का पर्दाफाश

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आज मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संबोधित किया। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 'पीडीए संकल्प' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) दिलाया गया।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर भाजपा के "झूठ और प्रपंच" का पर्दाफाश करें और जनता को पीडीए संकल्प के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि "पीडीए की रणनीति ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में बहुमत से रोक दिया है।" भाजपा सरकार पर हमला करते हुए यादव ने कहा कि अराजकता चरम पर है और सत्ता के संरक्षण में हिंसा हो रही है।

उन्होंने आगरा की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अगर भाजपा को 400 सीटें मिलतीं, तो देश की सड़कों पर तलवारें चलतीं और जनता का जीना दुश्वार हो जाता। यादव ने कार्यकर्ताओं को जनता के दुख-दर्द में साथ खड़े होने और समाजवादी पार्टी की नीतियों को व्यापक स्तर पर फैलाने का आह्वान किया।

उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। युवाओं से उन्होंने अपने-अपने बूथ मजबूत करने और जमीनी स्तर पर मेहनत करने का आग्रह किया।

भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर विकास कार्य ठप करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के समय आईटी सिटी, एक्सप्रेसवे, मेट्रो रेल, 108 एम्बुलेंस सेवा और डायल 100 जैसी योजनाएं शुरू की गई थीं। जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है।

सोने की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए बेटी की शादी में अब सोने का गहना देना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर तरफ अन्याय और भ्रष्टाचार फैला है।

आतंकी हमले पर शोक
बैठक में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।

पत्रकार वार्ता में तीखे हमले
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आज देश के सबसे बड़े मुद्दे बन चुके हैं। भाजपा सरकार नौजवानों को सम्मानजनक रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रोफेशनल कोर्स करने वाले युवाओं को डिलीवरी बॉय बनने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने निजीकरण, आरक्षण के साथ छेड़छाड़ और शिक्षा में बढ़ती फीस पर भी सरकार को घेरा। मुद्रा योजना को लेकर कटाक्ष करते हुए यादव ने कहा कि अगर योजना के तहत वाकई इतनी नौकरियां पैदा हुई होतीं, तो देश में आज बेरोजगारी नहीं होती।

समाजवादी पार्टी की रणनीति
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को पीडीए संकल्प और सामाजिक न्याय की लड़ाई के बारे में बताएंगे, ताकि 2027 में एक बार फिर समाजवादी सरकार का गठन हो सके।

इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष संजय लाठर, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा समेत संगठन के कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।