अखिलेश यादव की मदद से प्रिंसी प्रजापति ने बर्कले यूनिवर्सिटी में पूरी की पढ़ाई, जताया आभार

अखिलेश यादव की मदद से प्रिंसी प्रजापति ने बर्कले यूनिवर्सिटी में पूरी की पढ़ाई, जताया आभार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की एक होनहार बेटी, प्रिंसी प्रजापति, ने अपने सपनों को हकीकत में बदलने की एक प्रेरणादायक कहानी लिखी है। विश्व के शीर्ष विश्वविद्यालयों में से एक, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले (UC Berkeley) से मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली प्रिंसी ने इस उपलब्धि के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का दिल से आभार जताया है। अखिलेश यादव ने प्रिंसी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाया, जिसमें ट्यूशन फीस और अमेरिका में रहने-खाने का खर्च शामिल था, जो कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ रुपये था।

सपनों का सफर और आर्थिक चुनौतियां

प्रिंसी प्रजापति का जन्म लखनऊ में एक साधारण परिवार में हुआ। उनकी मेहनत और प्रतिभा ने उन्हें दो साल पहले UC Berkeley के मास्टर्स इन डेवलपमेंट प्रैक्टिस प्रोग्राम में दाखिला दिलाया। यह उनके लिए एक बड़ा अवसर था, लेकिन आर्थिक तंगी ने उनके सपनों के सामने एक विशाल दीवार खड़ी कर दी। दो साल की ट्यूशन फीस और अमेरिका में रहने का खर्च मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये की जरूरत थी, जो उनके परिवार के लिए जुटाना असंभव था।

प्रिंसी ने मदद के लिए कई संस्थानों और यहां तक कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कहीं से कोई सहायता नहीं मिली। वह लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक सीएम के जनता दर्शन पहुंची। लेकिन निराशा हाथ ली। निराशा के उन पलों में, एक मित्र के सुझाव पर प्रिंसी ने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर अपनी स्थिति बताई और पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मांगी।

अखिलेश यादव का बड़ा दिल

अखिलेश यादव ने प्रिंसी की गुहार को न केवल सुना, बल्कि तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने प्रिंसी की पूरी ट्यूशन फीस, अमेरिका में रहने का खर्च, और अन्य जरूरी खर्चों की जिम्मेदारी ली। इस मदद ने प्रिंसी को अपने सपनों को साकार करने का मौका दिया। अखिलेश की इस दरियादिली ने न सिर्फ प्रिंसी के जीवन को बदला, बल्कि यह भी दिखाया कि सही समय पर मिली मदद किसी की जिंदगी को नई दिशा दे सकती है।

बर्कले में प्रिंसी का शानदार प्रदर्शन

UC Berkeley में प्रिंसी ने न केवल अपनी पढ़ाई पूरी की, बल्कि अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने अपनी क्‍लास में टॉप किया। साथ ही अपने दीक्षांत समारोह में अपनी क्लास का नेतृत्व किया और कई देशों के छात्रों के बीच भारत का नाम ऊंचा किया। प्रिंसी ने बताया कि बर्कले में पढ़ाई के दौरान उन्हें विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को समझने का मौका मिला, जिसने उनके व्यक्तित्व को और निखारा।

प्रिंसी का भावुक आभार

हाल ही में प्रिंसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे भावुक होकर अखिलेश यादव का धन्यवाद करती नजर आ रही हैं। वीडियो में प्रिंसी ने कहा, "जब हर दरवाजा बंद हो गया था, तब अखिलेश यादव जी ने मुझे उम्मीद दी। उनकी मदद के बिना मैं अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाती। मैं भारतीय होने पर गर्व महसूस करती हूं और वादा करती हूं कि अपनी मेहनत और शोध से भारत का नाम दुनिया में रोशन करूंगी।"

प्रिंसी ने यह भी बताया कि अखिलेश यादव ने न सिर्फ उनकी, बल्कि कई अन्य जरूरतमंद और मेधावी छात्रों की भी मदद की है। उनकी इस मानवीय पहल ने समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया है।

अखिलेश यादव की छवि और समाजवादी पार्टी

अखिलेश यादव की इस मदद ने उनकी जनहितैषी छवि को और मजबूत किया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस कदम की जमकर सराहना की है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि अखिलेश यादव एक शिक्षित और संवेदनशील नेता हैं, जो शिक्षा की कीमत समझते हैं। एक यूजर ने लिखा, "प्रिंसी का टैलेंट और मेहनत उनकी थी, लेकिन सिस्टम ने उनका साथ नहीं दिया। ऐसे में अखिलेश यादव ने बिना किसी प्रचार के उनकी मदद की। यह सच्ची नेतृत्व की मिसाल है।"

प्रेरणा की कहानी

प्रिंसी प्रजापति की कहानी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते। अखिलेश यादव का यह कदम न सिर्फ प्रिंसी के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक उदाहरण है कि शिक्षा और सपनों को समर्थन देने से एक बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।